दिल्ली शिक्षा समाचार: दिल्ली विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (एसओएल) के ताहिरपुर स्थित पूर्वी दिल्ली परिसर का उद्घाटन 22 सितंबर को होगा। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इसका उद्घाटन करेंगे।
इसकी सात मंजिला इमारत में स्मार्ट क्लासरूम, डिजिटल लाइब्रेरी, कंप्यूटर लैब, मनोविज्ञान प्रयोगशाला और कौशल विकास केंद्र जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसी केंद्र से पूर्वी दिल्ली के छात्रों को पुस्तक वितरण भी शुरू किया जाएगा।
यह परिसर डेढ़ एकड़ में फैला है। इसका शिलान्यास सितंबर 2021 में किया गया था। इसका निर्माण लगभग 45 करोड़ रुपये की लागत से हुआ है। कंप्यूटर लैब इस परिसर की खासियत है। इसमें 500 कंप्यूटर लगाए गए हैं। प्रयोग के तौर पर मई में इसी परिसर के एकलव्य भवन में परीक्षा का आयोजन किया गया था। उसमें सब कुछ ठीक रहा तो दिल्ली विश्वविद्यालय ने उद्घाटन की ओर कदम बढ़ा दिए।



