नई दिल्ली: केंद्र सरकार अमेरिका-इजरायल-ईरान युद्ध के आर्थिक नतीजों के बीच अपने विदेशी मुद्रा भंडार को मजबूत करने के लिए आपातकालीन उपायों पर विचार कर रही है। ब्लूमबर्ग ने इस मामले से परिचित लोगों के हवाले से बताया कि अधिकारी ईंधन की कीमतें बढ़ाने और सोना व इलेक्ट्रॉनिक सामान सहित गैर-जरूरी आयात पर रोक लगाने जैसे कदमों पर विचार कर रहे हैं।
रिपोर्ट में कहा गया है कि प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) और वित्त मंत्रालय के अधिकारियों ने तेल की बढ़ती कीमतों के आर्थिक प्रभाव को नियंत्रित करने के लिए कई संभावित उपायों पर भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) के साथ परामर्श किया। जिन प्रस्तावों पर विचार किया जा रहा है, उनमें ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी भी शामिल है।
हालांकि, ब्लूमबर्ग ने सूत्रों के हवाले से बताया कि प्रस्तावित आपातकालीन कदमों पर अभी तक कोई अंतिम फैसला नहीं लिया गया है। इसके अलावा, रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि सरकार सोना और उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स के आयात को सीमित करने के उपायों पर भी विचार कर सकती है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले 24 घंटों में दो बार नागरिकों से सोना व गैर-जरूरी सामान कम खरीदने का आग्रह किया है
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले 24 घंटों में दो बार नागरिकों से ईंधन की खपत कम करने, विदेश यात्रा सीमित करने, ‘वर्क-फ्रॉम-होम’ (WFH) को प्राथमिकता देने और सोना व गैर-जरूरी सामान कम खरीदने का आग्रह किया है। हालांकि, किसी भी विशिष्ट उपाय पर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
PM मोदी ने कोविड-19 का भी ज़िक्र करते हुए कहा कि अगर भारत “इस सदी के सबसे बड़े संकट” से उबर सकता है, तो हम “निश्चित रूप से इससे भी पार पा लेंगे।” उन्होंने मध्य-पूर्व संकट को “इस दशक के प्रमुख संकटों में से एक” बताया।
“पिछले कुछ वर्षों से, दुनिया लगातार अस्थिर परिस्थितियों से गुज़र रही है। पहले कोविड का संकट, फिर वैश्विक आर्थिक चुनौतियाँ, और अब पश्चिम एशिया में बढ़ता तनाव। इन सभी स्थितियों का प्रभाव लगातार पूरी दुनिया पर पड़ रहा है, और भारत भी इससे अछूता नहीं है।
अगर कोविड महामारी इस सदी का सबसे बड़ा संकट थी, तो पश्चिम एशिया में युद्ध से पैदा हुई परिस्थितियाँ इस दशक के प्रमुख संकटों में से एक हैं। जब हमने मिलकर कोविड की चुनौती का सामना किया, तो हम निश्चित रूप से इस संकट से भी पार पा लेंगे। सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए भी लगातार प्रयास कर रही है कि देश के लोगों पर इसका प्रभाव कम से कम हो,” उन्होंने कहा।
प्रस्तावित उपायों का उद्देश्य अर्थव्यवस्था को बढ़ती ऊर्जा लागत और रुपये तथा विदेशी मुद्रा भंडार पर बढ़ते दबाव से बचाना है।



