मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन: हमारी सरकार झारखंड राज्य को सशक्त और बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी कड़ी में नियुक्तियों के साथ-साथ सभी क्षेत्रों में निरंतर कार्य किया जा रहा है। राज्य का सर्वांगीण विकास हमारी प्रतिबद्धता है। मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने ये बातें आज झारखंड मंत्रालय में नगर विकास एवं आवास विभाग के अंतर्गत नव चयनित अभ्यर्थियों के लिए आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह तथा झारखंड पर्यटन एवं झारखंड पर्यटन विकास निगम के लोगो एवं वेबसाइट के लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहीं।
मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने नवनियुक्त अभ्यर्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज से आप सरकार के अभिन्न अंग के रूप में शामिल हो रहे हैं। मुझे पूरी उम्मीद है कि आप राज्य के समुचित विकास के लिए अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा एवं कुशलता से निर्वहन करेंगे। उन्होंने नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों से कहा कि शहरी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं एवं सेवाएं उपलब्ध कराने में आपकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी।



